मधुबन के वार्ड नं 13 के एक मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : mau
मधुबन थाना क्षेत्र के वार्ड13 जायसवाल गली से आगे मदरसा के पास स्थित एक घर से शनिवार की रात चोर 29 हजार रुपये नकदी सहित करीब एक लाख के आभूषण चुरा ले गए। जबकि रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर गांव में भी एक व्यक्ति के घर सेंध खोलकर चोर 85 हजार रुपये नगदी और ढाई लाख के गहने चुरा ले गए।
मधुुबन : कस्बे के वार्ड नंबर 13 की निवासी रनिता पत्नी स्व. राजेश जायसवाल अपने दो बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रही थी। जबकि मुख्य चैनल गेट पर ताला बंद कर चाबी अंदर टांग दिया था। रात में चोरों ने चैनल के छेद से किसी डंडे की सहायता से चाभी का गुच्छा निकाल लिया और गेट का ताला खोलकर अंदर घुस गए। उन्होंने आलमारी के लॉकर में रखे 29 हजार रुपये नकदी, एलआईसी के कागजात सहित करीब एक लाख के गहने कब्जे में ले लिए। रविवार की सुबह जब रनिता नीचे आई तो घर के सारे सामान तितर बितर देख उसके होश उड़ गए। जानकारी पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
खोजबीन की गई तो सीवान स्थित एक ईंट भट्टे के समीप खाली बक्से और कुछ सामान फेंके हुए मिले। पुलिस ने महिला की तहरीर ले ली लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। उधर, धर्मसीपुर गांव के शिवमंदिर के पास स्थित राम भुल्लन कश्यप पुत्र चौथी के घर के पिछवाड़े से सेंध खोलकर चोर 85 हजार नकद और तीन अटैचियां और एक बक्सा उठा ले गए। सामान निकाल चोरों ने अटैचियां और बक्से घर से तीन सौ मीटर दूर पर फेंक दिया। रविवार की ग्रामीणों को बक्से आदि बाहर फेंके मिले। चोरों द्वारा फेंका गया एलबम भी वहीं पड़ा था। एलबम में लगी राम भुल्लन की फोटो देखकर लोगों ने जाकर राम भुल्लन को एलबम दिखाया तब जाकर चोरी का पता चला। गृहस्वामी ने घटना की पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल किया। पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इस बाबत एएसपी एसके श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस इन चोरियों का शीघ्र वर्कआउट कर देगी।