नगर पालिका परिषद कार्यालय में जनसुनवाई करते अधिकारी। स्रोत- स्वयं
मऊ। नगरपालिका कार्यालय के सभागार में सोमवार को ‘संभव कार्यक्रम’ के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया। अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया।
सफाई विभाग से सात, जलकल विभाग से तीन, कर विभाग से एक और राजस्व विभाग से दो शिकायतें प्राप्त हुईं। जनसुनवाई के दौरान कर अधीक्षक जय कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश, राजीव कुमार शुक्ला, राजस्व निरीक्षक अमृता राय, निर्माण लिपिक धर्मेंद्र कुमार पांडेय और अवर अभियंता जल पंकज कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, घोसी नगर पंचायत कार्यालय में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में नगर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान सात मामले आए, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया।