लूट के मामले में गिरफ्तार अभिषेक उर्फ पुष्कर चौहान और बरामद अवैध असलहा व लूट के रुपये ।
- फोटो : MAU
घोसी। कोतवाली पुलिस ने सोमवार की सुबह दरगाह मोड़ से 13 जनवरी 2020 को अमिला पेट्रोलपंप के पास बैंक फ्रेंचाइजी से हुई लूट के फरार आरोपी को तमंचा और लूट के 10,150 रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। लूटकांड के इस तीसरे आरोपी को पुलिस ने पांच माह बाद गिरफ्तार की पाई है।
कोतवाल सच्चिदानंद यादव ने बताया कि बोझी चौकी प्रभारी गंगासागर मिश्र के गश्त पर थे कि मुखबिर ने सूचना दी कि एक बदमाश दरगाह मोड़ की तरफ जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर दरगाह मोड़ पर पहुंच कर एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से दस हजार एक सौ पचास रुपये तथा तमंचा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि पकड़ा गया अभिषेक उर्फ पुष्कर चौहान हलधरपुर थाने के अरदौना निवासी है। वह 13 जनवरी 2020 को अमिला पेट्रोलपंप के पास हुई लूट में शामिल था। कोतवाल के अनुसार अभिषेक चौहान इससे पूर्व सरायलखंसी थाना क्षेत्र में छिनैती के आरोप में जेल जा चुका है। बैंक फ्रेंचाइजी से लूट में पुलिस की जांच में आए दो आरोपियों शिवमोहन सिंह उर्फ सोनू निवासी ताजोपुर और शमसुद्दीन उर्फ हीरो निवासी साई का तकिया थाना दक्षिणटोला को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में दोनों जेल में है।