टकटेउवा रामपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के बाहर बिजली के तार के साथ लगा खंभा।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ/अमिला। बड़रांव ब्लाक क्षेत्र के टकटेउवा रामपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बिजली नहीं आ पा रही है। कारण दो बार चोर केबिल काट कर ले गए। ऐसे में बच्चें उमस और गर्मी के बीच पसीने-पसीने होकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। विद्यालय में 86 बच्चें अध्यनरत है। पूरे स्कूल परिसर में बिजली आपूर्ति दूर दूर तक नहीं है, न ही किसी कमरे में पंखा लगा है न ही बोर्ड। ऐसे में बच्चे पसीने-पसीने होकर पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि विद्यालय में बिजली व्यवस्था का प्रयास नहीं किया गया, लेकिन बार बार चोर तार ही काट ले जा रहे हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका राजमती देवी ने ने बताया कि वह 2011 से स्कूल में तैनात हैं। कई बार कनेक्शन लिया गया, लेकिन हर बार मनबढ़ों तार ही काट ले गए। बोझी पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हालत यह है कि स्कूल परिसर के बाहर बिजली खंभा तो लगा है, लेकिन केबिल खींचने को सोचना पड़ रहा है। एसओ घोसी नागेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जानकारी ली जाएगी। उधर, बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह ने ऐसी किसी जानकारी के प्रति अनभिज्ञता जताई। कहा कि बीईओ से जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।