Mau News: घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपार गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। चोरों ने पहले घर की बिजली सप्लाई काटी, फिर स्प्रे मारकर आभूषण, नकदी और अनाज उठा ले गए।
मऊ जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपार गांव निवासी ध्रुव कुमार सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। आभूषण, नकदी और अनाज लेकर मौके से भाग गए। चोरों ने पहले घर की बिजली सप्लाई काटी, चैनल गेट पर अंदर से बंद ताला काटा फिर अंदर प्रवेश कर सभी को स्प्रे मारकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।
विज्ञापन
क्या है मामला
पांडेयपार गांव निवासी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ टिल्लू गांव से बाहर अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर जमुवारी मोड़ के पास मकान बनवाकर रहते हैं। जीविकोपार्जन के लिए प्राइवेट बस चलाते हैं। रोज की तरह बृहस्पतिवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो रहे थे। सुरक्षा के लिए चैनल गेट बंद करके अंदर से ताला लगा दिया।
विज्ञापन
ध्रुव सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात एक कमरे में वह और उनकी पत्नी और बेटी सो रही थी। बगल के कमरे में उनके दो बच्चे सो रहे थे। इसी दौरान बेखौफ चोरों ने पहले चैनल गेट में अंदर से लगे दो तालों को काट दिया। दूसरे दरवाजे की अंदर से बंद कुंडी को तोड़ कर घर में दाखिल हो गए।
इसके बाद चोरों ने किसी स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे घर के सदस्यों की आंखों में दर्द और नींद का अहसास होने लगा। दो कमरों में आलमारी और बक्शे का ताला तोड़कर सोने- चांदी के चार लाख रुपये के आभूषण, रजाई, गद्दा, 50 किलो चावल, दो क्विंटल गेहूं , 50 किलो सरसों सहित अन्य घरेलू सामान उठा ले गए।
सुरक्षा को देखते हुए चोरों ने घर में खड़ी बाइक की हवा निकाल दी। भोर में 2:45 बजे एक सदस्य की नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।