दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अमिला रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार की देर रात चोरों ने आभूषण और रेडीमेड की दुकानों को अपना निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर वह लाखों के आभूषण और कीमती कपड़े ले उड़े। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश में जुट गई।
निबिहा निवासी धनंजय सिंह ने बताया कि बीते छः सालों से झारखण्डे नगर अमिला रेलवे क्रॉसिंग के पास लकी लक्ष्मी ज्वेलर्स व पीहू रेडीमेड की उसकी दुकान है। रविवार को वह शाम को दुकान बंद घर चला गया। रविवार की देर रात चोरों ने दुकान के दोनों शटर का ताला तोड़ कर शोरूम में रखे लगभग दो लाख के आभूषण और रेडीमेड की दुकान में रखे दस हजार रुपये चुरा ले गए। हालांकि उन्होंने दुकान में रखी तिजोरी भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए।
अपनी पहचान छुपाने के लिए चोर दुकान में लगे सीसीटीवी के डीवीआर को भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए। जाते समय उन्होंने आधा शटर खोल कर छोड़ दिया। सोमवार की सुबह लोगों ने शटर खुला देखा तो दुकानदार को सूचना दी। उधर, सूचना पर थानाध्यक्ष कल्पना मिश्रा ने मौका मुआयाना किया। बताया कि पुलिस ने बाजार में दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए लोगों से जानकारी ली है।