स्थानीय विकासखंड क्षेत्र के नोनियापुर गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव के लिए अब चार प्रत्याशी मैदान में है। बुधवार को नामांकन वापसी के दिन चार प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब शेष बचे चार लोगों में मुकाबला होगा।
नोनियापुर ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान अन्नी देवी की मौत के बाद वहां चुनाव कराया जा रहा है। नामांकन के दिन कुल आठ लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। बुधवार को नाम वापसी के दिन सौरभ, उमेश चंद, चंद्रशेखर और सिरतोजी ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब सावित्री देवी, मीरा देवी, बिरजू और बरसाती के बीच मुकाबला होगा। बुधवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का भी आवंटन कर दिया गया। चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव चिन्हों में से एक अनाज ओसाता किसान, कार, कन्नी और इमली आदि चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। 6 अगस्त को चुनाव और 8 अगस्त को मतगणना होगी। उधर चुनाव चिह्न के आवंटन होने से गांव का सियासी पारा भी चढ़ने लगा है।