मऊ। निजामुद्दीनपुरा स्थित पावर हाउस विद्युत उपकेंद्र के फीडर-3 में बुधवार रात आई तकनीकी खामी से 15 मुहल्लों की विद्युत आपूर्ति तीन घंटे ठप रही। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी में परेशानियों से जूझना पड़ा। बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों का हाल बेहाल रहा। हालांकि बिजलीकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। बृहस्पतिवार को भी बिजली के अप डाउन से लोगों को काफी असुविधा हुई। नगर के निजामुद्दीनपुरा स्थित पावरहाउस विद्युत उपकेंद्र के फीड-3 से शहर के निजामुद्दीनपुरा, मुंशीपुरा, हट्ठीमदारी, भीटी सहित 15 मुहल्लों को विद्युत की आपूर्ति की जाती है। फीडर-3 में बुधवार रात आई तकनीकी खामी से कई मुहल्लों की विद्युत आपूर्ति रात लगभग 7.40 बजे ठप हो गई। रात तीन घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग गर्मी से परेशान रहे। इंवर्टर भी जवाब दे दिया। लोगों का गर्मी व उमस से बुरा हाल रहा। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों तथा बच्चों को रही थी। सबमर्सिल शो पीस बने रहने के चलते लोगों को शुद्ध पानी भी नहीं मिल पाया। बिजलीकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। बृहस्पतिवार को भी बिजली अप डाउन होने से लोग परेशान रहे।
कोट
उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति करने का प्रयास जारी है। पावरहाउस विद्युत उपकेंद्र के फीडर में फाल्ट आने से समस्या हुई थी। फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
अमित कुमार, उपखंड अधिकारी, मऊ शहर