घोसी। आदर्श नगर पंचायत घोसी में मंगलवार दोपहर में गाली गलौज के साथ ही सभासद एवं सभासद प्रतिनिधि में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे के प्रति आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए घोसी कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घोसी नगर के कस्बा खास वार्ड-एक के सभासद अजीत सोनकर ने घोसी कोतवाली पुलिस को लिखित देते हुए आरोप लगाया कि मंगलवार की दोपहर में नगर पंचायत घोसी के कार्यालय में अपने साथियों सहित बैठा था कि बड़ागांव पश्चिमी वार्ड-नौ निवासी रुपेंद्र राजभर आया और गाली देते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला कर दिया। वहीं वार्ड-नौ की सभासद चैना देवी का पुत्र रुपेंद्र राजभर ने भी पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि मंगलवार दोपहर 12:30 बजे जनता की समस्या को लेकर चेयरमैन से मिलने आया था। पहले से मौजूद कस्बा खास के सभासद अजीत सोनकर, बड़ागांव के सभासद आफताब अहमद एवं कस्बा खास वार्ड-11 के सभासद सरफराज अहमद ने अभद्रता करते हुए कहा कि यहां क्यों आए हो, जिस पर उन्होंने कहा कि नगर पंचायत सबकी है। इसी बात पर वह मारने पीटने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
कोट
मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हुई है। जिसकी जांच कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
मनोज कुमार सिंह,प्रभारी निरीक्षक