मऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित हो गया है। सीबीएसई तथा आईसीएसई का रिजल्ट घोषित होना है। अब ऐसे में स्नातक कक्षाओं में दाखिले की समस्या से छात्रों को गुजरना होगा। स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए जून के अंतिम या जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकती है। स्नातक में दाखिले के लिए महाविद्यालयों में चार हजार सीटों के मुकाबले 28 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। सीटों की संख्या उनके लिए चिंता का कारण बन गई है। जिले में दो राजकीय तथा चार सहायता प्राप्त महाविद्यालय हैं। इसके अलावा 150 मान्यता प्राप्त महाविद्यालय हैं। जिले में इंटर की परीक्षा में 28298 छात्र छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। स्नातक में दाखिले के लिए छात्रों की पहली पसंद राजकीय महाविद्यालय तथा एडेड कालेज होती है। इसके बाद स्ववित्त डिग्री कालेजों में एडमिशन की बारी आती है। विज्ञान वर्ग मैथ ग्रुप तथा बायो ग्रुप की सुविधा एक मात्र संत गणिनाथ राजकीय महाविद्यालय मुहम्मदाबादगोहना में है। जबकि स्ववित्तपोषित योजना के तहत डीसीएसके पीजी कालेज में मैथ तथा बायोग्रुप की मान्यता है। आजमगढ़ विश्वविद्यालय की तरफ से प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। वर्तमान शिक्षा सत्र में यहां आनलाइन आवेदन करना होगा। मेरिट सूची के आधार पर महाविद्यालयों मेें प्रवेश मिलेगा। डीसीएसके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. शर्वेश पांडेय ने बताया कि महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के प्रथम सप्ताह में शुरू हो सकती है। इस वर्ष विश्वविद्यालय स्तर से आनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।