मऊ। नगर में साढ़े तीन लाख की आबादी पर नगर के बीचों बीच एक भी पार्क की सुविधा नहीं है। नगर पालिका द्वारा नगर में दो पार्को का बनाने की योजना तो तैयार किया। इसमें एक पर निजामुद्दीनपुरा में कार्य भी शुरू कर दिया गया, लेकिन तीन वर्ष बीतने के बाद यह केवल 30 फीसदी ही पूरा हो सका है। वहीं दूसरा पार्क जो कि बुनकर कॉलोनी में बनना था उस पर अब तक अमल तक नहीं हो सका है।
नगरवासियों के लिए अभी नगर से बाहर चंद्रभानपुर पार्क के अलावा दूसरे पार्क की सुविधा नगर क्षेत्र में नहीं है। इससे नगरवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा इस समस्या के निदान के लिए नगर पालिका के निजामुद्दीनपुरा में डेढ़ एकड़ में तालाब बेस्ड थीम पार्क का कार्य अमृत योजना के तहत अप्रैल 2018 से शुरू किया गया। 50 लाख रुपये से बनने वाला यह पार्क 12 माह में बनना था लेकिन बजट के अभाव में तीन वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी यहां केवल बांउड्री ही बन सका है। जबकि इस पार्क मे मार्निग वाक के लिए पाथवे, योगा सेंटर के साथ बोटिंग की सुविधा देने की योजना है।
वहीं बीते दिसंबर 2020 में नगर के बीचोबीच तथा राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 के किनारे बुनकर कॉलोनी में खाली पड़े सरकारी मैदान को पार्क में तब्दील करने की योजना का प्रस्ताव बनने के बाद भी अब तक इस पर कोई कवायद शुरू नहीं हो सकी है। जबकि नगर पालिका द्वारा भी इस प्रस्तावित पार्क में बच्चों के मनोरंजन के साथ योगा, मार्निग वाक सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई है। लेकिन नगर में बनने वाले यह दोनों पार्क में से एक भी पार्क अभी तक कागज पर बनाए गए योजना के अनुरूप आकार नहीं ले सका है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्र का कहना है कि पार्क का निर्माण बजट के अभाव में रुका पड़ा है। बजट मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।