थाना क्षेत्र के शहरोज गांव में एक मकान का दरवाजा तोड़कर चोर किराए पर रह रहे एक परिवार के पांच लाख के गहने, तीस हजार नगदी और कपड़ों से भरे बक्से और अटैचियां सोमवार की रात चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोरी हुए कुछ सामान को मौके से बरामद कर थाने लायी। पीड़ित ने इस मामले में एक महिला सहित कुल तीन लोगों के विरुद्ध चोरी किये जाने की नामजद तहरीर पुलिस को दिया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहरोज निवासी अम्बरीष राय अपना मकान बनवा रहे हैं। वे गांव के ही एक व्यक्ति के घर का एक बड़ा हाल किराये पर लेकर सभी सामान उसमें रखे हुए हैं। अंबरीष ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही एक परिवार के तीन लोगों ने किराये के कमरे का दरवाजा तोड़ कर 30 हजार रुपये नगद,सोफा, बॉक्स,अटैची,चार ड्रम, छह पेटी, एक सोने की सिकड़ी, दो सोने का पछुआ , एक जोड़ी सोने का टप्स, सोने की चार अंगूठियां चुरा ले गये। पीड़ित को जब इस बात की जानकारी अगले दिन सुबह हुई तो तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची 112 नम्बर पुलिस ने मौके से चोरी गये कुछ सामान को बरामद कर थाने लाई। इस संबंध में थाना प्रभारी गंगासागर मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में है जांच की जा रही है।