चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हाफीजपुर के मौजा रसूलपुर में चिरैयाकोट खरीहानी रोड पर स्थित सटे दो सगे भाइयों के अलग-अलग दो मकानों से शुक्रवार की रात चोरों ने नगदी, कपड़े व सोने चांदी के जेवरातों सहित लगभग चार लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। परिवार वालों को जानकारी होने पर वह अवाक रह गए। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
चिरैयाकोट खरीहानी मार्ग पर मुहम्मद सिद्दिकी और इदरिस पुत्र स्व. मुख्तार बालवर का मकान है। शुक्रवार की रात चोरों ने मकान के पीछे से दीवाल में निकले ईंटों के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुस गए।
सो रहीं महिलाओं के कमरे को बाहर से बंद करने के बाद पास के तीन कमरो में लगे ताले को चोरों ने तोड़कर तीन बक्सों में रखे 13 थान सोने और 11 थान चांदी के जेवरात व दस हजार रुपये नगद उठा ले गए। इदरिस के घर से एक कमरे से पांच हजार रुपये नगद और डिस टीवी के एक रिसीवर सहित कपड़े उठा ले गए। घर में किसी की आवाज सुनकर महिलाएं जगी और शोर मचाई तो चोर सामान लेकर फरार हो गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का निरीक्षण किया। टूटा हुआ बक्सा घर के पीछे उत्तर तरफ 30 मीटर की दूरी पर एक खेत में मिला। पीड़ित भाइयों ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई है।