घोसी कोतवाली क्षेत्र के नदवासराय बाजार में खान मोबाइल सेंटर एवं जनसेवा केंद्र की छत का सीमेंटेड शेड तोड़कर बुधवार की रात घुसे चोरों ने लाखों के सामान पर अपना हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई तो वह आवाक रह गया। इस संबंध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने पिछले एक साल में हुई कई चोरियों के खुलासा न होने पर नदवासराय बाजार में घोसी-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग जाम कर दिया। मौक पर पहुंचे सीओ और कोतवाल के आश्वासन पर व्यापारी घटना के जल्द खुलासे पर माने।
नदवासराय बाजार में ओबेदुर्रहमान की खान मोबाईल सेंटर नाम से दुकान है। इसी में वह जनसेवा केंद्र भी चलाता है। बुधवार की रात दुकानदार वह अपनी दुकान बंद करके घर चला गया। रात में चोर आए और दुकान की सीमेंटेड शेड की छत तोड़कर अंदर घुस गए।
इस दौरान चोरों ने 70 मोबाइल, एक लैपटाप जिसकी कीमत दो लाख से अधिक बताई जा रही है उठा ले गए। इसकी जानकारी दुकानदार को सुबह तब हुई जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। जारी की जानकारी जब अन्य दुकानदारों को हुई तो वह भी आक्रोशित हो गए।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वाधान में व्यापारियों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पाकर मौके पर सीओ वंशीधर मिश्रा, कोतवाल विश्वजीत सिंह आदि पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने पिछले एक साल में कई चोरियों के खुलासा न होने पर रोष जताया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने व्यापारियों से वार्ता कर जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया।
तब जाकर व्यापारियों ने जाम समाप्त किया। जाम सुबह दस बजे से लेकर 11 बजे तक रहा। जाम करने वालों में मुख्य रूप से व्यापार मंडल नदवासराय के अध्यक्ष आनंद कुमार बरनवाल, रमेश गुप्ता, शमशाद, एजाज आदि उपस्थित रहे।