वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव में बृहस्पतिवार को एक महिला का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। महिला की आत्महत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, घटना से मृतक के घर में मातम पसर गया।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव निवासी रीता सैनी 25 पत्नी वकील सैनी बुधवार को रोज की तरह अपने परिजनों को भोजन कराने के बाद खुद भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। बृहस्पतिवार की सुबह काफी समय बीतने के बाद महिला जब कमरे से बाहर नहीं निकली तो घरवालों ने उसको कई बार आवाज देकर बाहर बुलाने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब न मिलने पर परिजनों ने इस संबंध में आसपास के लोगों को सूचित कर दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे।
यहां देखा कि रीता का शव पंखे पर फंदे से लटक रहा है। घटना के संबंध में मृतका के परिजनों ने उसके मायके वालों को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मुहम्मदाबाद गोहना एसओ प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसओ ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी है। अभी तक न तो ससुराल पक्ष से तहरीर मिली है न ही मायके पक्ष से। अगर किसी तरफ से तहरीर मिलती है तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।