मऊ। कोरोपा पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद से जिला रेड जोन में आ चुका है। ऐसे में जिले में किसी प्रकार की कोई ढील या रियायत नहीं होगी। जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता कर इस बात की जानकारी दी। बोले जिले में सारी व्यवस्था पूर्व की भांति संचालित होगी। यदि कोई लॉक डाउन का उल्लंघन करते मिला तो उसके विरुद्घ कार्रवाई कर दुकान आदि सीज की जाएगी। डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम के आरोप लगाए जाने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांग पर उन्होंने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अबतक 214 लोग क्वारंटीन किए गए है। इसमें 183 रोजेदार है। सभी रोजेदारों के लिए सेहरी और अफतारी की व्यवस्था प्रशासन की तरफ से की जा रही है। जिलाधिकारी के साथ प्रेसवार्ता कर सीएमओ डा. एससी सिंह ने बताया कि एसडीएम सदर अतुल वत्स के द्वारा सर्वे पर प्रश्न चिन्ह् लगाने के बाद से उन्होंने पूर्व में जांच कर रही 36 टीमों को हटाकर अब 17 टीमों को लगाया है। हर टीम के जिम्मे एक एक वार्ड लगाया गया है। टीम के साथ सभासद भी सर्वे में अब सहयोग करेंगे। एसडीएम सदर अतुल वत्स के आरोप लगाए जाने पर सीएमओ ने बताया कि सर्वे कैसे होता है। बोले एक तरफ टीम गुजरी दूसरी तरफ कोई आ सकता है। ऐसे में कोई क्या कर सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का आदेश होगा तो रेंडम सर्वे कराई जाएगी। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि शासन के गाइड लाइन के हिसाब से वो कर्मचारियों की सुविधाएं उपलब्ध करा रहें है। सेंपल लेने के लिए जाने वाली टीम को पीपीई किट उपलब्ध कराई जा रही है।