विभिन्न जगहों पर कचहरियों और न्यायालय परिसरों में लगातार हुई आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को दीवानी कचहरी परिसर, कलेक्ट्रेट व विकास भवन का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कचहरी परिसर में बाहरी जिले के सात-आठ लोग घूमते मिले जिनका नाम पता नोट कर तस्दीक कराए जाने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को भेजा गया।
अचानक कचहरी परिसर में इतनी संख्या में फोर्स को देखकर कुछ देर के लिए अफरा तफॅरी का माहौल था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुरादाबाद में कचहरी परिसर में हुई हत्या को देखते हुए कचहरी परिसरों की सुरक्षा का जायजा लिया गया।
सुरक्षा की दृष्टिकोण से कचहरी परिसर स्थित लाकप, मालखाना, पीएसी कैंप का औचक निरीक्षण किया गया। साथ ही संदिग्ध लोगों की भी तलाश कर उनसे पूछताछ की गई।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से उनकी समस्याओं के बाबत जानकारी ली गई। एएसपी ने बताया कि इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन का भी निरीक्षण किया गया।
जहां सात-आठ लोग गाजीपुर जिले के मिले जिनका नाम पता लेकर उनकी तहकीकात के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को अवगत कराया गया। इस मौके पर सीओ नगर अशोक कुमार यादव, सीओ लाइन, शहर कोतवाल डीके सिह के अलावा काफी संख्या में पुलिस बलमौजूद रहा।