नगर में सिंधी समाज के तत्वावधान में निकली शिव झांकी पदयात्रा में शामिल महिलाएं। संवाद
मऊ। संत बाबा ईश्वर दास सेवा समिति (सिंधी बाबा) गौशाला व शिव मंदिर, ताजोपुर के तत्वावधान में श्रावण मास में बीते 13 वर्षों की परंपरा को निभाते हुए पदयात्रा व शिव झांकी धूमधाम से निकाली गई। सिंधी कालोनी से शुरू हुई यह यात्रा रेलवे फाटक, रोडवेज और गाजीपुर तिराहा होते हुए ताजोपुर स्थित सिंधी बाबा के मंदिर पर जाकर संपन्न हुई।
पदयात्रा में मऊ के सिंधी समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ''हर-हर महादेव'' और ''जय भोले'' के जयकारों के साथ श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पदयात्रियों के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई थी। यात्रा में भगवान शिव और माता पार्वती का सजीव रूप दर्शाती भव्य झांकी मुख्य आकर्षण रही। लखनऊ से आए कलाकारों ने कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुती दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता
बाबा गोपीचंद ने किया। समिति का मुख्य उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को बाबा धाम जैसा अनुभव प्रदान करना था, जो श्रावण मास में देवघर या अन्य दूरस्थ तीर्थ स्थलों की यात्रा करने में असमर्थ रहते हैं। पदयात्रा के समापन पर ताजोपुर शिव मंदिर परिसर में विशाल भंडारे और जलपान का आयोजन किया गया, जहां सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स भी तैनात रही। इस दौरान मुख्य रूप से दिलीप रतवानी, बाबला, जयराम, महेश, गोल्डी, प्रकाश, जिम्मी, ओम, पुनीत, सती, भावना, सावित्री, पार्वती देवी, खुशी, एंजल उपस्थित रहे।