वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव में अभी दो बुजुर्गों की चिता ठंडी नहीं हुई थी कि ग्रामीण शुक्रवार को तीसरे शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। दोहरीघाट मुक्तिधाम गेट के पास पिकअप की टक्कर में घायल दूसरे वृद्ध ने भी इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की देर शाम दम तोड़ दिया। एक ही मुहल्ले में दो दिन में तीन मौतों से गांव में मातम पसर गया। कोतवाली के पट्टी गांव के लोग लालचंद गोड़ (80) का अंतिम संस्कार करने दोहरीघाट मुक्तिधाम पर गए थे। साथ में गांव के विभूती (65) और शिवचंद मौर्य (70) भी साथ गए थे। अंतिम संस्कार के बाद शिवचंद और विभूति आजमगढ़ रोड पर मुक्तिधाम गेट के पास खड़ी बस में बैठने जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। साथ गए लोगों ने आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां बीच रास्ते में ही शिवचंद मौर्य की मौत हो गई थी। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने विभूति को आजमगढ़ चक्रपानपुर स्थित पीजीआई रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की देर शाम विभूती ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।