मऊ। श्री श्याम संघ, मऊ का 25वां श्री श्याम झूलनोत्सव रविवार को भक्तिमय माहौल में नगर के राजस्थान भवन में संपन्न हुआ। सिल्वर जुबली के रूप में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में 24 घंटे अनवरत कीर्तन, बाबा श्याम की अखंड ज्योत, भव्य श्रृंगार और आकर्षक दरबार मुख्य आकर्षण रहे। महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और भजनों पर झूमे।
महोत्सव का शुभारंभ 15 अगस्त की शाम संघ के संरक्षक सत्यनारायण परमानंदका ने सपरिवार बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद संघ के सदस्यों ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर भजन संध्या का शुभारंभ किया।
दिल्ली से आए गायक सरदार हरमिंदर सिंह रोमी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। धनबाद से आए गायक पिंटू शर्मा ने पूरी रात और अगले दिन दोपहर तक बाबा के दरबार में भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे।
कोलकाता से आए गायक लव अग्रवाल ने भी दोपहर के सत्र में भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु नृत्य करने लगे।
16 अगस्त की सुबह पांच बजे मंगला आरती के बाद स्थानीय श्याम प्रेमियों ने भजन प्रस्तुत किए। सुबह 8:30 बजे श्री हनुमंत कृपा सेवा समिति की ओर से सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। इसके बाद दोपहर में भंडारे का आयोजन हुआ।
शाम चार बजे बाबा श्याम को 58 सवामणी का महाभोग अर्पित किया गया। शाम छह बजे संरक्षक संजय खंडेलवाल ने सपरिवार बाबा श्याम को छप्पन भोग लगाया। रात 10:30 बजे बाबा श्याम की महाआरती के साथ महोत्सव का समापन हुआ।
संघ के अध्यक्ष आलोक खंडेलवाल ने बताया कि झूलनोत्सव को सफल बनाने में सभी भक्तों और सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।
इस दौरान सत्यदेव केडिया, विट्ठल दास गुजराती, सत्यनारायण परमानंदका, संजय खंडेलवाल, गौरव, रोहित, शिवम, संजय, अरुण, विनोद, राजा, आकाश आदि रहे।