कोपागंज। स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत भांवरकोल का मुख्य मार्ग पिछले 10 साल से बदहाल है। सड़क से पिच गायब हो चुकी है और जगह-जगह मिट्टी और गड्ढे बन गए हैं।
बारिश का पानी भरने से पूरा रास्ता तालाब जैसा नजर आता है, इससे पैदल चलना तो दूर, बाइक से निकलना भी कठिन है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने से ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे दीपक, रिशु रावल, अंकित कुमार, सिप्पू, चंद्रभान सिंह, तेतरी देवी अन्य ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड ने वित्तीय वर्ष 2004-05 में बनवाई थी। बीते 13 साल से कभी मरम्मत नहीं करवाई गई।
समय के साथ सड़क की स्थिति इतनी बिगड़ गई है, कि अब यह आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।