पीडीडीयू नगर। नगर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए सड़क पर डिवाइडर बनाए गए हैं। अब इस डिवाइडर को पार्किंग स्टैंड बना दिया गया है। स्थिति यह है कि सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर पर रोजाना 200 से अधिक बाइकें खड़ी की जा रही हैं। नगर के नई सट्टी से काली मंदिर तक करीब एक किलोमीटर लंबे डिवाइडर को दुकानदारों ने अवैध रूप से बाइक पार्किंग स्टैंड में तब्दील कर दिया है। इससे न केवल मुख्य मार्ग की चौड़ाई कम हो रही है, बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक निकलने वाले दोपहिया चालकों से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, लेकिन यातायात पुलिस और नगर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वैसे भी नगर के जीटी रोड पर दोनों तरफ की सड़क पर 8 फीट से 10 फीट दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। ऐसे में वाहनों के आने जाने के लिए 10 फीट जगह भी नहीं बच पा रही है। यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि सड़क पर नो पार्किंग में खड़े वाहनेां का लगातार चालान किया जा रहा है।