इलिया। थाना क्षेत्र के मनकपड़ा गांव में रविवार की रात एक मड़ईनुमा घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा गृहस्थी व खेती-किसानी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मड़ई में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गांव निवासी विद्या प्रकाश शर्मा का मड़ईनुमा घर सैदूपुर-लेहरा मार्ग पर स्थित है। आरोप है कि किसी ने रंजिश के चलते रात के समय आग लगा दी, जिससे अंदर रखा करीब 10 बोरा धान, पंपिंग सेट, जनरेटर, पाइप सहित अन्य कृषि उपकरण जलकर नष्ट हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही विद्या प्रकाश शर्मा ने इलिया थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद