दोहरीघाट कस्बा चौक के स्थित औघड़ बाबा कमेटी द्वारा कांवरिया को भोजन कराते लोग।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। श्रावण मास के पहले सोमवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में स्थापित मंदिरों और शिवालयों में शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। व्रत रखकर शिवभक्तों ने महादेव से परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगीं। कांवड़ियों ने भी भगवान भोले का जलाभिषेक कर बेलपत्र और दूध आदि चढ़ाकर पूजन अर्चन किया। मंदिरों पर आयोजित भजन कीर्तन में भी शामिल होकर शिव भक्त जमकर झूमे। उधर, भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों पर तड़के से ही भक्तों का रेला लगा रहा। बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए शिवभक्त उमड़े रहे। अधिकांश मंदिरों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। नगर में पक्का पोखरा शिवमंदिर, शीतलामाता धाम, गाजीपुर तिराहा स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा शिवाला, मठियाटोला शिवमंदिर, हनुमानघाट, भीटी स्थित शिवमंदिर, पावरहाउस कालोनी स्थित शिवमंदिर, बाल निकेतन मोड़ स्थित शिवमंदिर और कैलाशपुरी सहित विभिन्न मंदिरों पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों का तांता लगा रहा। गाजीपुर से गंगा जल लेकर चले कांवड़िए सोमवार को पैदल ही वापस लौटे और यहां स्थित शिवालयों में बोल बम के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। उधर कई मंदिरों पर भक्तों ने रुद्राभिषेक सहित विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान कर भगवान से सुख समृद्धि की कामना की। वहीं कुछ भक्तों ने घर पर भी पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान शिव का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। बढुआगोदाम: क्षेत्र के बढुआ गोदाम, ताजोपुर, डुमरांव, बहरीपुर, वनदेवी, कहिनौर, परदहां, महलीपुर, नसीरपुर सहित विभिन्न गांवों में स्थित शिव मंदिरों और मंदिर में शिवभक्तों ने शिवलिंग पर बेलपत्र, अक्षत, दूध आदि से भगवान शंकर का पूजन अर्चन किया। कुसुम्हा : पंचमुखी शिव मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्थापित शिव मंदिरों पर कांवड़ियों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक कर मन्नत मांगी। मधुबन: क्षेत्र के शिवपुर पांती गांव स्थित शिवमंदिर में शिव भक्तों ने जयघोष के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया। कोपागंज: कस्बा स्थित गौरी शंकर मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्थापित मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक कर मत्था टेका। रानीपुर: क्षेत्र के खुरहट, पलिया, ब्राह्मणपुरा, काझा, मिर्जापुर, खलीलपुर सहित विभिन्न इलाकों में शिवभक्तों ने विधि विधान से पूजन अर्चन कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। मंदिरों पर श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। बोलबम के नारे से वातावरण गूंजता रहा।
इंदारा : क्षेत्र के इंदारा, कसारा, लैरो, महुआर, इंदारा बाजार, अदरी के शिव मंदिरों मे श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लोगों ने शंकर का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया।
सावन माह के पहले सोमवार को नगर के शीतला धाम स्थित शिवमंदिर में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा के पास पू?- फोटो : MAU
सावन माह के पहले सोमवार को नगर के गायघाट पर पूजन अर्चन के लिए कतार में खड़ी महिलाएं।संवाद- फोटो : MAU
सावन माह के पहले सोमवार को नगर के शीतला धाम पर सुरक्षा में मुस्तैद शहर कोतवाल और अन्य।संवाद- फोटो : MAU