फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्टॉफ मिला तो बेहतर होगी जिले में स्वास्थ्य सुविधा

विज्ञापन
टड़ियांव स्थित 100 शैय्या का संयुक्त चिकित्सालय। - फोटो : MAU
विज्ञापन
मऊ। जिले में चरमराई चिकित्सीय सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है। दरअसल करोड़ों की लागत से बने टडियांव स्थित 100 बेड के संयुक्त अस्पताल के संचालन में स्टाफ की आ रही बाधा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शासन को मांग पत्र भेजा है। इसमें 20 विशेषज्ञ डाक्टर सहित 130 स्वास्थ्यकर्मियों के स्टॉफ का जिक्र किया गया है। अगर यह मांग पूरी हुई तो जिले में चिकित्सीय सुविधा बेहतर हो जाएगी। वर्तमान में संक्रमण के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए इस अस्पताल को एल-1 तथा एल-2 अस्पताल में तब्दील करने की योजना बनाई जा रही है। जिले में कोपागंज ब्लाक के टड़ियांव स्थित 100 बेड अस्पताल का भवन काफी समय पहले बनकर तैयार है। वर्तमान में यहां आरटीपीसीआर की जांच की जा रही है। भवन में संयुक्त अस्पताल संचालित करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शासन को पत्र भेजा है। जिसमें जिला अस्पताल की तर्ज पर इसके संचालन को लेकर फिजीशियन, सर्जन, बालरोग विशेषज्ञ सहित 20 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ 130 स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की मांग की गई है। विभागीय सूत्रों की माने तो अस्पताल में आईसीयू, बर्न वार्ड, ट्रॉमा सेंटर, आइसोलेशन वार्ड और ब्लड बैंक के अलावा डाइलिसिस की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। ऐसे में इस अस्पताल के शुरू होने से आसपास के करीब 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों को सहूलियत मिलेगी। वर्तमान में 100 बेड के जिला अस्पताल में ही जिलेवासियों को सुविधा मिल रही है, लेकिन इस अस्पताल के शुरू होने पर यह दोहरी सुविधा होगी, जिससे जिले के मरीजों को इसका बेहतर लाभ मिल सकेगा।सीएमओ डॉ. एसएन दुबे ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल के भवन को कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे ग्राफ को देखते हुए एल-1 तथा एल-2 में तब्दील करने की योजना है। बताया कि संक्रमण का ग्राफ बढ़ने पर 30 बेड एल-2 में तथा 70 बेड का एल-1 अस्पताल में परिवर्तित कर दिया जाएगा। जिले में परदहा सीएचसी में भी एल-2 की सुविधा है। इसके लिए सभी सीएचसी से डाक्टर तथा स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अस्पताल में आक्सीजन प्लांट की सुविधा भी उपलब्ध है। अस्पताल के 70 बेड पर कोरोना संक्रमित मरीजों को एक साथ ऑक्सीजन दी जा सकती है। आक्सीजन प्लांट से प्रतिदिन 480 किलो लीटर आक्सीजन के उत्पादन की क्षमता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें