पं. अलगू राय शास्त्री बस स्टेशन परिसर में जल्द ही सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ने वाली है। चार कैमरे पहले से लगे हैं, लेकिन परिसर बड़ा होने से कुछ जगहों की फुटेज नहीं मिल पाती है। एक सप्ताह पहले ही मऊ डिपो प्रशासन द्वारा प्रस्ताव भेजा गया है।
मंजूरी मिलते ही कैमरे इंस्टाल कर दिए जाएंगे। मऊ डिपो में 73 बसों का बेड़ा है। बस स्टेशन पर रोजाना 5000 यात्रियों का आवागमन होता है। चार साल पहले बस स्टेशन का नया भवन बनकर तैयार हुआ तो, अंधेरा होते ही यात्रियों के साथ चोरी और छिनैती की घटनाएं बढ़ गई थीं।
इसे देखते हुए कैमरे लगाने का प्रयास भेजा गया था। डेढ़ साल पहले चार कैमरे लगाने की अनुमति मिली। दो कैमरे परिसर में सामने की तरफ और एक दूसरी तरफ लगाया गया, दो कैमरे भवन में पहले तल पर गलियारे में इंस्टाल किए गए।
बस स्टेशन के बड़े परिसर में दो कैमरे पर्याप्त नहीं हैं। 17 दिसंबर 2025 की रात 12 बजे चार बदमाश बस स्टेशन परिसर में रोडवेज के संविदा परिचालक से रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए थे।
परिचालक बस स्टेशन परिसर में पीछे की तरफ बस खड़ा करवा रहा था। पीछे की दीवार पर बैठे चार बदमाशों ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिए था। उस तरफ कैमरा नहीं लगे होने से बदमाशों को गिरफ्तार करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी थी।
बस स्टेशन परिसर में कैमरों की आवश्यकता है। फिलहाल दो कैमरे बाहर और दो अंदर लगाए गए हैं। पूरे परिसर की ठीक तरह से निगरानी के लिए चार और कैमरों का प्रस्ताव भेजा गया है।
-गौतम कुमार गुप्ता, एआरएम, मऊ डिपो