मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के रानीपुर ब्लाक अंतर्गत मखुनी गांव की वोटर लिस्ट में सैकड़ों ग्रामीणों के नाम गायब होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीण वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को ठीक किये जाने साथ ही दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे थे। एसडीएम ने आपत्ति की जांच कराकर खामी दूर करने का आश्वासन दिया।
वोटर लिस्ट में लगभग दो सौ मतदाताओं का नाम गायब होने की शिकायत को लेकर रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के मखुनी गांव के सैकड़ों ग्रामवासी गुरुवार को तहसील मुख्यालय पर पहुंचे आैर एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने लगे। गांव निवासी रामनिवास यादव, देवचंद, शंकर, दिनेश, अशोक आदि का कहना है कि गांव की वोटर लिस्ट में जानबूझकर गड़बड़ी की गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक पूर्व ग्राम प्रधान के परिवार की महिला बीएलओ ने दूसरे गुट के डेढ़ सौ से अधिक मतदाताओं का नाम सूची से गायब कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधानी के चुनाव को लेकर वोटर लिस्ट में जानबूझकर वोटरों के नाम गायब किये गये हैं।
इतना ही नहीं मतदाता सूची में मृतक व अन्य गांवों में विवाहित महिलाओं का नाम भी सूची में अभी तक दर्ज है। एसडीएम कार्यालय पर गुरुवार को सुरूहुरपुर, हाजीपुर, नगपुर, खैराबाद, काझाखुर्द आदि समेत दर्जनों गांवों के लोग जुटे थे।
इन गांवों की वोटर लिस्ट में खामियों की शिकायत दर्ज करायी गई है। एसडीएम डॉ. आरडी पांडेय ने कहा सभी शिकायतों की जांच कराकर वोटर लिस्ट की खामियां दूर कराई जाएंगी।