चिरैयाकोट। नगर पंचायत प्रशासन ने ओवरहेड टैंक में आई तकनीकी खामी को दूर कर पांचवे दिन 650 घरों में जलापूर्ति शुरू कराई। अमर उजाला ने 17 सितंबर के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर प्रकाशित होते ही कर्मचारियों ने तकनीकी खामी को ठीक कराकर जलापूर्ति बहाल कराई। चिरैयाकोट नगर पंचायत में लगे ओवरहेड टैंक से चिरैयाकोट के नगर पंचायत के वार्डों में जलापूर्ति की जाती है। ओवरहेड टैंक में तकनीकी खामी आने के चलते लगातार चार दिनों से प्रदूषित पानी की आपूर्ति की जा रही थी। ओवरहेड टैंक से थोड़ी दूरी पर अलग-अलग तीन स्थानों पर बोरिंग करके मात्र 40 मीटर और 15 मीटर की दूरी पर जलनिगम की तरफ से लगाए गए 15 और 20 हार्सपावर के मोटर में तकनीकी खामी आ गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों ने तकनीकी खामी को ठीक कराकर जलापूर्ति बहाल कर दिया। चार दिन बाद जलापूर्ति बहाल होने से लोगो को काफी राहत मिली है l नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी छोटे लाल तिवारी का कहना है कि तकनीकी खामी को ठीक कर पेयजलापूर्ति बहाल कर दी गई है।