शुक्रवार को कई दिनों बाद धूप निकलने पर मऊ जंक्शन पर धूप सेंकते यात्री।संवाद
कोहरे और शीतलहर के बीच शुक्रवार को तेज धूप निकली तो लोगों के चेहरे खिल उठे। बाजारों में चहल पहल दिखी। न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर आठ डिग्री पहुंच गया। आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी।
रात में कोहरा तथा सुबह सात बजे तक ठंडी हवा चलने से शुक्रवार को भी लोग घरों से देर से निकले। तापमान पर नजर डाला जाए तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 72 प्रतिशत रही।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को सुबह लगभग नौ बजे के बाद सूरज के निकलते ही जन जीवन में अचानक जोश का संचार हो गया।
धूप निकलने के बाद नगर सहित जिले बाजारों में चहल पहल बढ़ गई। लोग आलस्य को त्याग अपने रुके कामों को निबटाने में व्यस्त हो गए। कई दिनों से सुस्त पड़ चुके बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी।