गत शनिवार को हुई बारिश के बाद मिली राहत के बाद सोमवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
तीन दिन में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज हुई। दोपहर के समय तेज धूप के चलते प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही कम रही। मौसम में बार-बार बदलाव से लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं।
सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह लगभग सात बजे ही धूप असहनीय हो गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धूप तेज होती गई। दिनभर धूप-छांव का क्रम बना रहा।
दोपहर के समय नगर सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही कम रही। बाहर निकलने वाले लोग सिर पर टोपी और गमछा लगाए नजर आए।
मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोग जुकाम, बुखार, खांसी, पेटदर्द, उल्टी सहित विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
आर्द्रता 41 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि हवा की गति 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही। रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
इनसेट-
20 जून से पहले धान की नर्सरी डालने की सलाह
कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के चलते कम बारिश की संभावना है। जिन किसानों ने धान की नर्सरी नहीं डाली है, वे 20 जून से पहले नर्सरी डाल दें तथा जिनके खेत में ढेंचा 40 दिन का हो गया है, उसकी पलटाई करा दें।
तारीख अधिकतम न्यूनतम तापमान
15 जून 39 30
14 जून 37 28
13 जून 35 28
12 जून 38 27
11 जून 38 27
10 जून 38 27
09 जून 41 28