नगर के सहादतपुरा में शराब की दुकान खोलने का विरोध करते मोहल्लवासी और पहुंची पुलिस।
- फोटो : mau
शहर कोतवाली क्षेत्र के सहादतपुरा मुहल्ला में एक स्कूल के समीप देशी शराब की दुकान खोलने का मुहल्ले वालों ने विरोध किया। उनका कहना था कि काफी संघर्षों के बाद मुहल्ले से देशी शराब की दुकान हटाई गई थी। लेकिन मंगलवार की रात में फिर से माल लाकर लाइसेंसी ने यहां रख दिया। बुधवार सुबह लोगों ने मुहल्ले में देशी शराब की दुकान खोलने के प्रयास की जानकारी भाजपा नेता धीरज राजभर को दी। काफी लोग मुहल्ले में जमा हो गए और दुकान खोलने का विरोध करने लगे। लोगों का कहना था कि काफी लड़ाई के बाद इस महल्ले से दारू की दुकान हटाई गई थी। इस दौरान चली गोली से मुहल्ले की केवली राजभर नामक वृद्धा की मौत हो गई थी। मुहल्ले वालों का कहना था कि अब केवली का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और किसी भी कीमत पर मुहल्ले में दारू की दुकान नहीं चलने दी जाएगी।
धीरज राजभर ने मामले की जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान और सीओ सिटी आलोक कुमार जायसवाल को दी। कुछ ही देर में कोतवाल पंकज सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रकरण का निस्तारण करने का आश्वासन दिया और उन्होंने भरोसा दिया कि जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए देशी शराब की दुकान को अन्यत्र खोलने के विकल्प पर विचार किया जाएगा। धीरज राजभर का कहना था कि मुहल्लेवालों की मांग दरकिनार न हो।