एसटीएफ गोरखपुर और कोपागंज पुलिस की टीम ने शुक्रवार की रात थाना क्षेत्र के खुखुंदवा गांव के पास एक ढाबे के समीप अवैध शराब लदे एक ट्रक को पकड़ लिया।
पकड़े गए माल की कीमत खुले बाजार में करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। ट्रक के साथ पुलिस ने तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बड़ी बरामदगी की सूचना पर डीएम वैभव श्रीवास्तव एवं एसपी शिवप्रसाद उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गए।
एसपी ने बताया कि गोरखपुर की एसटीएफ को बड़े पैमाने पर तस्करी कर अवैध शराब बलिया ले जाए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने सुरागकशी की तो ट्रक की लोकेशन कोपागंज में मिली।
इस पर एसपी मऊ ने थानाध्यक्ष कोपागंज राममूरत यादव को अलर्ट कर दिया। शुक्रवार की देर रात एसटीएफ और पुलिस टीम ने खुखुंदवा स्थित एक ढाबे के पास ट्रक को पकड़ लिया और उसमें सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ट्रक को कोपागंज थाने ले जाया गया।
तलाशी में उसमें 485 पेटी रम, गोवा की 695 पेटी विस्की सहित कुल 1180 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत खुले बाजार में करीब एक करोड़ एवं थोक मार्केट में अस्सी लाख रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरजीत सिंह पुत्र पूरन सिंह, अंग्रेज सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह थाना पियोहा कुरुक्षेत्र हरियाणा, गजराज सिंह पुत्र जसपाल सिंह निवासी कुरुक्षेत्र हरियाणा हैं। तीनों के विरुद्द संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।