अमिला घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला-अजमतगढ़ स्थित युवा ट्रैवेल एजेंट चुम्मानार निवासी पिंटू (28) को शुक्रवार की दोपहर में ही उसके ही कार्यालय में दिनदहाड़े तीन बाइक सवार बदमाशों द्वारा हत्या करने को लेकर पूरे जिले में चर्चा होती रही। वहीं घटना स्थल से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित अमिला पुलिस चौकी के पास घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से आरोपियों के निकल जाने को लेकर भी लोग पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठते रहे।
मृतक पिंटू ट्रैवल एजेंट का काम बीते कई वर्षों से कर रहा था। स्थानीय लोगों की माने तो सबसे पहले वह अमिला में एक मकान में कार्यालय संचालित करने के बाद घटनास्थल से करीब दो किमी की दूरी स्थित दरगाह पर किराए के मकान में कार्यालय संचालित कर रहा था। लेकिन किसी वजह से चार माह पूर्व ही वह अमिला-अजमतगढ़ स्थित एक शटर में अपना कार्यालय शिफ्ट कर काम कर रहा था। लोगों की मानं तो घटना के समय कार्यालय में दो अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे जो कि घटना के बाद सहम गए। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बड़ा भाई रजनीश विदेश में रहता है। वह तीन माह पूर्व ही घर आया है। वहीं दूसरा भाई अमरजीत जो मुंबई में रहकर कामकाज करता है वह भी लॉकडाउन के समय से घर पर है। जबकि मृतक का छोटा भाई विक्की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। मृतक के पिता रामसमुझ सब्जी बेचने का काम करते हैं।