घोसी कोतवाली में आयोजित शांति समिति की बैठक में समस्या बाते ताजियेदार।संवाद
घोसी कोतवाली में बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में ताजियादारों ने अपनी समस्याएं रखीं। वहीं अधिकारियों ने कहा कि ताजिया की ऊंचाई मानक के अनुसार ही हो और कोई नई परंपरा शुरू न की जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घोसी क्षेत्र में लगभग 80 ताजियादार ताजिया रखकर मन्नतें मांगेंगे। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का जुलूस एवं ताजिया पूर्व से निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा।
कोई नई परंपरा या नई यात्रा नहीं निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी या पोस्ट न करें। बैठक में ताजियादार असगर इमाम एवं दुरुल हसन ने बड़ागांव अंडरपास के पास रास्ते, जल निकासी और हाई वोल्टेज लटकते तारों की समस्या उठाई।
वहीं अनिल मिश्रा के घर के पास बिजली के केबल नीचे होने तथा तसव्वर अली ने कस्बा खास को जाने वाली सड़क और बिजली तारों की समस्या रखी। खुर्शीद अहमद ने बड़ागांव एवं कस्बा खास की खराब सड़क को राबिश गिराकर ठीक कराने की मांग की।
जमालपुर विक्रमपुर में जमानत अब्बास ने शिवचंद के घर के सामने रास्ते की समस्या उठाई। एक अन्य ताजियादार ने कटाई चंवर में रास्ते की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
इस दौरान सीओ जितेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, खुर्शीद अहमद, जमानत अब्बास उर्फ भोलू, शेख एहतेशाम, नेसार अहमद आदि उपस्थित रहे।