मऊ। केंद्र में नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार मजबूती से चल रही है। भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों को योजनाओं का जवाब दिया जा रहा है। यह मोदी सरकार और योगी सरकार ही है जिसमें बिना किसी पक्षपात के सभी सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ ही आम जन मानस का विश्वास जीतकर लोक कल्याणकारी योजनाओं को सत प्रतिशत लागू करवाया जा रहा है। यह बात शनिवार की देर शाम प्रेस वार्ता करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कही। मंत्री बनने के बाद उनके प्रथम आगमन पर जिला में प्रवेश होते ही मोहम्मदाबाद घोसी कोपागंज मऊ तथा अन्य स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। वहीं भाजपा जिला कार्यालय पर स्वागत कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई आम जन नहीं है हमारी सरकार में सभी खास हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन उत्तर प्रदेश के सभी 80 सीटों पर जीतकर विपक्ष का क्लीन स्वीप करेगी तथा मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र में एक बार फिर से भारी बहुमत से सरकार बनाई जाएगी। हमारे शीर्ष नेतृत्व का यह नारा है अबकी बार 400 पार जो की हर हाल में सत्य होकर रहेगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल, लोकसभा संयोजक मुन्ना दूबे, भरत लाल राही, उमेश पाण्डेय, अखिलेश तिवारी, कृष्ण कांत राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।