चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के भैसई नदी पुल के पास सोमवार की शाम घने कोहरे से मोड़ पर एक आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आटो सवार एक युवक की मौत हो गई। चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक निजी बस में परिचालक का काम करता था।
चिरैैयाकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अस्सी भवन निवासी वीरेंद्र यादव (37) पुत्र जयप्रकाश यादव बीते सोमवार की देर शाम गांव से आटो में सवार होकर चिरैयाकोट की तरफ आ रहा था। अभी आटो सुल्तानीपुर-रानीपुर मार्ग स्थित भैसई नदी पुल के पास पहुंचा था कि कोहरे के चलते मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में आटो में पीछे बैठे वीरेंद्र यादव की दबकर मौत हो गई। वहीं चालक आटो छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, वीरेंद्र के पिता जयप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक के दो पुत्र आकाश, विशाल और तीन पुत्रियां व पत्नी विद्यावती आदि का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पिता के दो पुत्रों में बड़ा था। उसका छोटा भाई नागेंद्र सीआरपीएफ में तैनात है।