मऊ / कोपागंज। जिले के पहली नवगठित नगर पंचायत में वार्डो के नाम महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखा गया है। नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर में पहली बार होने वाले चुनाव को लेकर नगर पंचायत की तरफ से खाका तैयार कर लिया गया है। यहां चेयरमैन के साथ 15 वार्डो में चुनाव कराया जाएगा। सभी 15 प्रतिनिधि मिलकर नगर के विकास की नई लकीर खीचेंगें। सभी वार्डो का पूरा ब्यौरा तैयार करने के बाद नगर पंचायत ने अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भेज दिया है। हरी झंडी मिलते ही इस पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी।
प्रशासन को भेजी गई सूची में एक वार्ड में औसतन 1380 लोगों की आबादी रखी गई है। सूची तैयार करने के दौरान क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ बैठक का भी आयोजन किया गया था। सभी की सहमति से इसका पूरा खाका तैयार किया गया। वार्ड का नाम रखते समय कुछ ऐसे भी क्षेत्र है जहां पहले ग्राम पंचायत का चुनाव होता था, उसे यथावत रखा गया है। जबकि नए आठ वार्ड को महापुरूषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर रखा गया है। सभी लोगों की आम सहमति से नाम पर मुहर लगाकर इसकी रिपोर्ट प्रशासन का सौप दी गई है। वहां से मुहर लगने के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। वहीं अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह के आदेश पर निर्वाचन के प्रयोजनार्थ पिछड़े वर्गों के व्यक्तियों की संख्या का अवधारणा किए जाने के लिए रैपिड सर्वे 26 जून से शुरू कर दिया गया है। 10 जुलाई तक पिछड़ी जातियों की अवधारित जनसंख्या की सूचना का अंतिम प्रकाशन एवं उनपर आपत्तियों के निस्तारण का कार्य किया जाएगा। जनगणना का अंतिम प्रकाशन 14 जुलाई को कर दिया गया।