मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में शनिवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों की तरफ से विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। साथ ही भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य किया।
पतंजलि योगपीठ द्वारा संचालित संस्था भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, युवा भारत, पतंजलि किसान सेवा समिति और महिला पतंजलि योग समिति की तरफ से शनिवार को सहादतपुरा स्थित एक निजी विद्यालय के सभागार में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और निष्ठा के साथ मनाया गया। इस दौरान यज्ञ पुरोहित मनीष आर्य द्वारा यज्ञ-हवन कर योगऋषि स्वामी रामदेव महाराज के दीर्घायु के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस मौके पर मनीष आर्य ने कहा कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव गुरु और शिष्य परंपरा का महोत्सव है।
इसी क्रम में अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा के तत्वावधान मे खुरहट करजौली स्थित मध्यदेशी य वैश्य अनाथाश्रम में धूमधाम से गुरु पूर्णिमा मनाया गया। मुख्य अतिथि कोलकाता के उद्यमी तथा समाजसेवी तथा अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के राष्ट्रीय सरंक्षक जगन्नाथ गुप्ता रहे। इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जगन्नाथ गुप्ता ने कहा कि समाज को सुंदर बनाने के लिए सभी लोगों को स्वस्थ व शिक्षित होना अनिवार्य है।
बाबा सरयू दास की तपोभूमि पर उल्लेखनीय कार्य कर उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना ही गुरु पूर्णिमा मनाने का मूल मंत्र है। बाबा के समाधि स्थल पर रामदास गुप्ता ने विधिवत पूजन किया। अंत मे समिति का चुनाव किया गया। सर्व सम्मति से अनूप मद्धेशिया को अध्यक्ष, गौरव मद्धेशिया को कोषाध्यक्ष, रवि मद्धेशिया को महा मंत्री का पद भार सौंपा गया। समारोह में अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के राष्ट्रीय महामंत्री बसंत मद्धेशिया, डॉ. राम गोपाल गुप्ता, पारस नाथ गुप्ता, डॉ. सरिता मद्धेशिया, अमिला नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय गुप्ता, मधुबन नगर पंचायत प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया दोहरीघाट पूर्व चैयरमैंन गुलाब चंद मद्धेशिया आदि शामिल रहे।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर शनिवार को प्रात: काल से ही गुरु में निष्ठा रखने वाले प्रेमी श्रद्धालुओं ने स्नान कर जगह-जगह अपने गुरु के दर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय मातेश्वरी महाधाम में प्रात: काल गुरु दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगी रही। कोरोना संक्रमण काल के मद्देनजर सदगुरु महाराज ने सबको अपने घरों में आदिशक्ति की पूजा करने का निर्देश दिया। तथा सबको ऑनलाइन दर्शन देने की बात कही लेकिन क्षेत्रीय लोग प्रात: काल से ही धाम पर पहुंचे सदगुरु महाराज साधना में लीन रहे। गुरु चरण रज लेकर सभी भक्तों अपने को धन्य समझे गुरु को फूल मालाओं से उनके चरणों में शीश झुकाए गुरु ने सब को आशीर्वाद दिया।
बाबा जय गुरुदेव के शिष्यों ने नई बाजार स्थित जय गुरुदेव आश्रम पर पहुंचकर अपने गुरु के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। बाबा जयगुरुदेव के शिष्य उमाकांत जमहाराज के आदेश के अनुसार उनके अनुयायियों ने घर-घर में दीप प्रज्वलित कर बाबा जयगुरुदेव की विधिवत पूजा कर प्रसाद का वितरण किया। जयगुरुदेव संगत के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश बरनवाल ने बताया कि दो अगस्त तक गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया जाएगा। क्षेत्र में गोधनी उपाध्याय का पूरा पाऊस क्षेत्र के गांव में वेद पाठी ब्राह्मण को गुरु का सम्मान उनके शिष्यों ने दिया।
मझवारा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के बाजार स्थित संत देवरहा बाबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीपस्थित राम जानकी मंदिर पर चल रहे कार्यक्रम के क्रम में मंदिर के महंत श्री श्री 1008 श्री कन्हैयादास रामायणी के निर्देशन में शनिवार को गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा महंत श्री श्री 1008 कन्हैयादास रामायणी व मंदिर समिति के सदस्य केदार सिंह के नेतृत्व में मंदिर परिसर से शुरु होकर हाथी घोडे, ऊट व गाजे बाजे के साथ मधुबन मोड़, इंदारा मोड़ , मझवारा गांव होते हुए पुन: मंदिर परिसर में आकर समाप्त हुई। शोभायात्रा के दौरान जगह जगह श्रद्धालुओं द्वारा झांकी का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान केदार सिंह, राम अलंब राय, अरविंद राय आचार्य, संदीप राय, पिंटू राय, राकेश, प्रफुल्ल राय, रामायन वर्मा, हरिलाल मौर्य, नवनीत राय रामफल मौर्य आदि शामिल रहे।