मधुबन। थाना क्षेत्र के पांती रोड स्थित एक घर का ताला तोड़कर गत दिवस हुई नगदी और आभूषण की चोरी मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के समय पीड़ित परिवार घर में ताला बंद कर दिल्ली गया हुआ था। परिवार के घर आने पर चोरी की घटना की जानकारी मिली। मधुबन नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 पांती रोड निवासी राकेश कुमार मल्ल बीते 22 सितंबर को घर में ताला बंद कर परिवार के साथ दिल्ली घूमने चले गए। 30 सितंबर की देर शाम परिवार घर लौटा, तो घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
कमरे के अंदर अलमारी का सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नगदी और सोने के आभूषण गायब थे।सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है। मधुबन एसओ रविंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।चोरी हुए जेवरात की सूची अभी प्राप्त नहीं हुई है। फॉरेंसिक टीम एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया जा रहा है। पुलिस मुस्तैदी से अपना काम कर रही है।