फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: कागजों में धूपबत्ती के नाम पर पंजीकृत फैक्टरी 2024 से बंद, 61 इकाइयों को यूपीसेडा ने दिया था नोटिस

विज्ञापन
नगर के बढुआ गोदाम ​स्थित औद्योगिक क्षेत्र ​में गोदाम जहां नकली ड्रग बरामद किया गया। - फोटो : 1
विज्ञापन
मऊ। दिवाली के दिन ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में पकड़ी गई सिंथेटिक ड्रग फैक्टरी का मामला अब और गहराता जा रहा है। जिस फैक्टरी में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने ड्रग की सामग्री पकड़ी थी, वह कागजों में धूपबत्ती के नाम पर संचालित हो रही हैं जो कि किसी आयुष सिंह के नाम पर वर्तमान में पंजीकृत है। इसे 2024 से बंद होना बताया जा रहा है। यूपीसीडा के मुताबिक पहले से 61 इकाई उनके रडार पर हैं उन्हें अक्तूबर में ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
विज्ञापन


वहीं यूपीसीडा का कार्यालय जिले में न होने के चलते कोई निगरानी नहीं होने के चलते यहां ज्यादातर लोगों ने अपने शेड और प्लॉट किराए पर दे रखे हैं। यूपीसीडी के क्षेत्रीय प्रबंधक (रीजनल मैनेजर) गोरखपुर धर्मचंद्र ने बताया कि जिले की ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में 249 यूनिट पंजीकृत है। इसमें 157 अंडर प्रोडक्शन यूनिट बंद हो चुकी हैं, 58 यूनिट हैं, वहीं 33 का निर्माण कार्य में है।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि दिवाली के दिन जिस फैक्टरी में सीबीएन ने छापामारा, वह चंद्रशेखर सिंह के नाम पर पंजीकृत थी। उनकी मौत अप्रैल 2024 में हो गई थी। इसके बाद यह उनके बेटे आयुष सिंह के नाम पर हस्तांतरित हो गई। यूनिट में धूप अगरबत्ती के नाम पर पंजीकरण किया गया था लेकिन चंद्रशेखर सिंह की मौत के बाद यह बंद होना बताया गया था। इसे शुरू कराने को लेकर दो अक्तूबर को नोटिस भी जारी किया गया था।
विज्ञापन


उधर इकाई के कुछ लोगों ने बताया कि क्षेत्र में करीब 70 फीसदी शेड किराए पर चल रहे हैं। किसी में पाइप का काम होता है, किसी में स्क्रैप, तो किसी में पैकिंग का काम। शेड मालिक को सिर्फ महीने के किराए से मतलब है। कौन किराएदार है, कहां से आया है, अंदर क्या काम हो रहा है, इसकी पड़ताल कोई नहीं करता। इस घटना के बाद यूपीसीडी द्वारा जल्द ही इसको लेकर दोबारा सर्वे करने की बात कही जा रही है।

नोटिस से उठ रहे सवाल

जिस फैक्टरी में सीबीएन ने छापेमारी की, अक्तूबर में सर्वे के दौरान यूपीसीडा को यह बंद मिला था। जिसके बाद यूपीसीडी द्वारा दो अक्तूबर को ही आयुष कुमार सिंह को नोटिस जारी किया गया। जिसे अगले 30 दिन में खोलने का निर्देश नोटिस में दिया गया था। इससे पहले भी 11 दिसंबर 2025 को नोटिस जारी किया गया था। ऐसे में सवाल उठता है कि यह फैक्टरी जो कि यूपीसीडी के सर्वे में बार-बार बंद मिल रही थी। उसका संचालन या तो एक माह पहले शुरू हुआ है या सर्वे के दौरान यूपीसीडा द्वारा पारदर्शिता नहीं बरती गई।

2017 में मिली थी शराब की खेप

अक्तूबर 2017 को सरायलखनसी थाना क्षेत्र में थाना पुलिस व स्वाट ने औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक घर में छापेमारी के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से 11 हजार लीटर अवैध शराब, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की थी। पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब की कीमत 50 लाख रुपये बताई गई थी। इसको लेकर बाकायदा सात अक्तूबर को पुलिस ने प्रेस वार्ता कर इसका खुलासा किया था।

ये है मामला

8 नवंबर को सीबीएन की मध्य प्रदेश और यूपी इकाई ने संयुक्त कार्रवाई की थी। फैक्टरी में मौके से 11.650 किलो एमडी ड्रग बरामद हुई थी। इसमें तैयार और निर्माण के अलग-अलग चरणों में मौजूद नशीला पदार्थ शामिल था। इसके अलावा 20.900 किलो 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफेनोन बरामद किया गया, जो एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख रसायन है। टीम को 3.500 किलो एसिटिक एनहाइड्राइड भी मिला, जिसका इस्तेमाल हेरोइन के निर्माण में भी होता है। इसके अलावा करीब 119.860 किलो/लीटर अन्य रसायन, सॉल्वेंट और प्रसंस्करण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। इनमें डाइक्लोरोमीथेन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, सोडियम क्लोराइड और ऑर्गेनिक एमाइन शामिल हैं। छापे में एमडी ड्रग बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला पूरा सेटअप मिला। इसमें औद्योगिक ग्राइंडर, मिक्सर, स्टील के टैंक, हीटिंग उपकरण, कांच के रिएक्शन और डिस्टिलेशन उपकरण, तौलने वाली मशीनें और वोल्टेज बैलेंसर शामिल हैं। टीम ने इन सभी उपकरणों को जब्त कर अवैध लैब को बंद कर दिया। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बरामद ड्रग्स की कीमत करोड़ों में बताई गई है।

नगर के बढुआ गोदाम स्थित औद्योगिक क्षेत्र में गोदाम जहां नकली ड्रग बरामद किया गया।- फोटो : 1

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें