चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के कमथरी चट्टी स्थित एक चाय की दूकान पर बैठे चिकित्सक को निशाना कर चलाई गई गोली उनके बगल में बैठे पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी को जा लगी। घायल को आनन फानन जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के कमथरी चट्टी पर एक चाय की दूकान पर चिकित्सक मुन्ना चौहान और जयनाथपुर काझा निवासी धर्मदेव राम चाय पी रहे थे।
इसी बीच वहां गांव के ही प्रधान को आते देख चिकित्सक ने उन पर राजनीतिक व्यंग कसा। इस बात को लेकर पास में ही बैठा एक युवक चिकित्सक से भिड़ गया। मामला कुछ ज्यादा ही बिगड़ गया। इसी बात पर आक्रोशित होकर युवक तैश में आ गया। बगल में स्थित देशी शराब की दूकान में गया और वहां से आने के बाद चिकित्सक को लक्ष्य कर तमंचे से फायर कर दिया।
गोली चिकित्सक मुन्ना चौहान को न लगकर बगल में बैठे अधेड़ धर्मदेव राम (55) पुत्र स्वदेशी निवासी जयनाथपुर काझा को जा लगी, वे पीडब्ल्यूडी में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने घायल को आनन फानन अस्पताल पहुंचाया। जबकि आरोपी फरार हो गया। आरोपी गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। जिसका कमथरी चट्टी पर मकान है। उसी के मकान में ही शराब की दूकान चलती है।
घटना के बाद मौके पर सीओ मुहम्मदाबाद गोहना रणविजय सिंह, थानाध्यक्ष संदीप, कोतवाल रामस्वरूप वर्मा, थानाध्यक्ष अशोक आदि पहुंचे। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संदीप का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।