नगर के दशई पोखरा पर झमाझम बारिश के बीच धू-धू कर जलता रावण।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। असत्य पर सत्य की विजय का पर्व विजयादशमी नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में धूम से मनाया गया। बारिश के बाद भी लोगों को हुजूम राम-रावण युद्ध देखने को डटा रहा। तयशुदा समय पर राम के चले तीर से रावण का पुतला धधक उठा और लोगों ने जय श्रीराम का जयकारा लगाया। उधर, दशई पोखरे पर लगे मेले में लोंगों ने राम-रावण युद्ध के साथ ही आतिशबाजी का लुत्फ भी उठाया। बुधवार को बारिश होने के बाद भी उत्साहित श्रद्धालु राम-रावण युद्ध सहित विभिन्न लीलाओं का मंचन, रावण के पुतले का दहन देखनेे के लिए मेला स्थल पर जमे रहे। मान्यता है कि अश्वनि मास की दशमी को ही भगवान राम ने अहंकारी रावण का वध किया था। माता पोखरा पर रामलीला मेला समिति की ओर से राम-रावण युद्ध की लीला का मंचन किया गया। बाद में रावण वध के लीला के तहत रावण के पुतला का दहन किया गया। मेले में सजी खिलौने, मिठाइयों सहित अन्य दुकानों पर जहां महिलाओं ने खरीदारी की तो वहीं बच्चों ने चर्खी और झूले का आनंद उठाया। रतनपुरा: क्षेत्र में खराब मौसम के बावजूद विजयादशमी के दिन मेले में भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन कर शीश नवाया और मां का आशीर्वाद लिया। बुढ़वा बाबा की कुटी पर रावण दहन होते ही जय श्रीराम का जयकारा लगाया गया। रानीपुर: क्षेत्र में विभिन्न इलाकों में दशहराधूमधाम से मनाया गया। रामवन कुटी पर राम रावण युद्ध का मंचन किया गया। रावण का अंत होते ही जयश्रीराम के उद्घोष से मेला स्थल गूंज उठा। मेले में दर्जनों गांवों से आए लोगों ने जमकर खरीदारी की। अमिला: श्री ठाकुर द्वारा रामलीला समिति के तत्वावधान में बृहस्पतिवार की देर शाम मेला मैदान में राम रावण युद्ध लीला का मंचन किया गया। मेला आयोजन की शुरुआत समिति के मंत्री आनंद मोहन राय के आवास से श्री राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान आदि की मूर्तियों को नगर भ्रमण कराया गया। बाद में मेला मैदान में राम व रावण के बीच युद्ध में रावण मारा जाता है। कोपागंज:क्षेत्र में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बुधवार की शाम कोपागंज देहात स्थित रामलीला मैदान पर लोगो की भारी भींड़ की मौजूदगी में मेघनाथ व रावण वध की लीला का मंचन किया गया। राम के द्वारा रावण का वध करते ही पूरा वातावरण जय श्रीराम के नारो से गूंज उठा। ततपश्चात राम का विमान पुतला दहन स्थल पर पहुंच रावण का पुतला फुंका गया। इस अवसर पर राममलीला कमेटी के दुर्गेश गुप्ता, अजय कुमार यादव, दिलीप जायसवाल, संतोष कुमार जायसवाल आदि शामिल रहे। घोसी : क्षेत्र में विजया दशमी के दिन नगर की रामलीला में श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान सुग्रीव, जामवंत, नल नील ,विभीषण आदि सेना कस्बा बाजार से रामलीला मैदान पहुंची तो वही शिवमंदिर पश्चिमी से रावण, मेघनाद मंत्री सेनापति अस्त्र शस्त्र के साथ रामलीला मैदान में पहुंचे। अंत मे राम रावण युद्ध भूमि में श्रीराम ने तीन से रावण का वध कर दिया। जयश्रीराम के जयकारे से रामलीला मैदान गूंज उठा।
नगर के दशई पोखरा पर मेले में उमड़ी लोगों की भीड़।संवाद- फोटो : MAU