मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित हुई। इसमें फरवरी की जारी रैंकिंग में जनपद मऊ ने पूरे प्रदेश में विकास कार्यों में आठवीं रैंक हासिल की है।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी को बताया गया कि अतिरिक्त ऊर्जा, अल्पसंख्यक कल्याण, उद्यान, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, ग्राम विकास विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग दुग्ध विकास विभाग सहित कई अन्य विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं में ए+ ग्रेड हासिल की।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में बैंक क्रेडिट लिंकेज में सी, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जिला पूर्ति विभाग द्वारा संचालित जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना में E, फैमिली आईडी में सी, पंचायती राज विभाग के स्वच्छ भारत मिशन फेज 2 में बी,पर्यटन विभाग द्वारा संचालित राज्य योजना में बी तथा प्राथमिक शिक्षा के मध्याह्न भोजन एवं छात्र उपस्थिति में सी ग्रेड पाई गई।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में डी ग्रेड मिलने पर जिलाधिकारी ने ऐसे सभी विभाग के अधिकारियों को इस माह अपनी ग्रेड में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुग्ध विकास विभाग में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से परिवहन की व्यवस्था कर दूध की बिक्री सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा पर्यटन विभाग की राज्य योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए निर्देश जिला अधिकारी द्वारा पर्यटन अधिकारी को दिए गए। साथ ही निगम द्वारा कार्यों में तेजी ना लाने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई।
तहसील दिवस पर तहसील परिसर में बैनर एवं पंपलेट से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिया। जिससे इन योजनाओं से अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सके। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।