दुबारी। विद्युत उपकेंद्र मोलनापुर से संबद्ध लोकया गांव के मझौवा पुरवा में छह माह पहले लगाए गए बिजली के दो खंभे पर अब तक तार नहीं लगाया जा सका है, जिससे गांवों की बिजली आपूर्ति में परेशानी हो रही है। मझौवा पुरवा में छह माह पहले टूट कर लटके दो खंभे को हटाकर बिजली निगम ने नया खंभा लगवाया था। लेकिन ग्रामीणों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अनिरुद्ध पांडेय, राकेश पांडेय, राजनाथ पांडेय, बेचन पांडेय, मनोज पांडेय व अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि खंभे पर कनेक्शन नहीं होने से काफी दूर से बिजली आपूर्ति करना पड़ रहा है। केबल लंबा होने से आए दिन फाॅल्ट होता है और टूट कर गिर जाता है। बिजली निगम के अधिकारी इन दिनों केवल बिल का पैसा जमा कराने और उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने में जुटे हुए हैं। उपकेंद्र पर गुहार लगाते पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बताया कि खंभे पर कनेक्शन मिलने से उन्हें सहूलियत मिलेगी। इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र मोलनापुर के अवर अभियंता अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही पोल पर कनेक्शन कराया जाएगा। संवाद