दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बैरामपुर में वृद्धा की लाश मिलने के बाद जुटी भीड़, पहुँची पुलिस।
- फोटो : MAU
सूरजपुर/ वलीदपुर। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बैरमपुर परिखापुर गांव की पोखरी में 74 वर्षीय वृद्धा की लाश रविवार को पाई गई। वह एक सप्ताह से लापता थी। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के घोसी मार्ग पर कसबे के निकट तमसा नदी पुल के नीचे 60 वर्षीय एक वृद्ध का शव मिला। यह अपने घर से पांच किलोमीटर दूर आ गया था। परिखापुर ग्राम के पास एक गहरे पोखरे में भारी मात्रा में जलकुंभी है। रविवार को पोखरे में कौवों की आवाजाही बढ़ी तो लोगों को शंका हुई। लोगों ने देखा कि पानी में एक वृद्धा की लाश उतराई हुई थी। मृतका की पहचान मातेश्वरी देवी पत्नी स्व.चंद्रबली राजभर के रूप में हुई। चौकी इंचार्ज ने मृतका के घर वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतका के पौत्र प्रमोद राजभर ने दादी की शिनाख्त की। पुलिस ने ग्राम प्रधान दिनेश सोनकर, सुबाष मौर्या, जिला पंचायत सदस्य इन्द्रकैलाश यादव ग्राम प्रधान रसूलपुर अखिलेश यादव की मौजूदगी में पंचनामा बनाकर परिजनों को लाश सौंपी। उधर, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के घोसी मार्ग के तमसा नदी पुल के नीचे रविवार को सुबह एक वृद्ध का शव मिला। दो घंटे के बाद मृतक की पहचान मुहम्मदबाद कोतवाली के मकरी गांव निवासी मुहम्मद अफजाल 60 के रूप में हुई। पुलिस से सूचना पाकर मृतक के घर वाले पहुंचे। घर वालों ने बताया कि बुजुर्ग रविवार की भोर में घर से निकले थे। जिस पर परिवार वाले उनकी तलाश कर रहे थे।