मऊ। कोरोना वायरस के संक्रमण से जिला अभी तक सुरक्षित है। एक भी कोरोना पॉजीटिव मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन पिछले 24 घंटे में नगर में दो अलग-अलग महिलाओं की मौत ने प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। प्रशासन ने इन महिलाओं के चार रिश्तेदार, बाल सरंक्षण गृह में बंद एक किशोर सहित 24 लोगों का सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजा है। जबकि स्वास्थ्य विभाग मृतक महिलाओं की हिस्ट्री भी खंगाल रहा है। बताते चले कि दक्षिणटोला के डोमनपुरा जमालपुरा निवासी 45 वर्षीय महिला की मौत बीएचयू में हुई, इलाज 10 अप्रैल से जिला अस्पताल में चल रहा था। गत दिवस उसे बीएचयू रेफर किया गया था। वहीं नगर के नोमानी गेट इमामगंज में एक शादी में शामिल होने आई 60 वर्षीय महिला की मौत वाराणसी जिला के हॉटस्पाट गंगापुर में पहुंचने पर शुक्रवार हुई। दोनों महिलाओं की मौत की सूचना पर प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और शनिवार की देर शाम दोनों महिलाओं के चार रिश्तेदारों का सैंपल लिया। जबकि रविवार को विभाग ने बाल सुधार गृह में आजमगढ़ से आए एक बंदी किशोर तथा फतेहपुर मंडाव ब्लाक से 19 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए बीएचयू भेजा। मालूम हो कि रविवार तक स्वास्थ्य विभाग 300 लोगों का सैंपल भेज चुका है, जिसमें 208 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव रही है। सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को 24 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं एक महिला की मौत हार्ट फेलियर तथा दूसरी महिला की मौत डायबिटीज के चलते हुई है।