रानीपुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 278.3 प्वाइंट पर रेलिंग तोड़कर फंसा डीसीएम। सं
रानीपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 278.3 रानीपुर प्वाइंट के पास शनिवार की रात दो बजे के करीब एक्सप्रेसवे पर एक डीसीएम अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा पॉइंट नंबर 278.3 पर शनिवार की रात चालक को झपकी आने से हुआ।
जानकारी के अनुसार चालक मलखान राजस्थान से लहसुन लादकर पटना (बिहार) जा रहे थे। रानीपुर ग्रामसभा के पास एक्सप्रेसवे के पॉइंट नंबर 278.3 पर पहुंचते ही झपकी आ गई। चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे लगी करीब 100 मीटर लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए पास के नाले में जा फंसा।
प्रत्यक्षदर्शियों और बचाव दल के अनुसार, यह राहत की बात रही कि अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पार कर विपरीत लेन में नहीं गया। यदि ऐसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना में चालक मलखान और परिचालक दोनों सुरक्षित हैं, उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। इस बाबत थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सुरक्षा के लिए दुर्घटनास्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई, ताकि अन्य वाहन सुरक्षित निकल सकें। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को नाले से निकालने के बाद मार्ग को खाली कराने के बाद आवागमन बहाल किया गया।