घोसी। नगर पंचायत के एक सभासद अपनी शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर नगर पंचायत के क्रेन की टायर की हवा निकाल दिया। सभासद का कहना था बार-बार अवगत कराने के बाद भी ध्यान न देने पर ऐसा किया है। ऐसे में शायद अब जिम्मेदार वार्डवासियों की समस्या दूर करने का प्रयास करें। घोसी नगर पंचायत के बड़ागांव निमतल से सभासद आफताब अहमद ने बताया कि एक माह से वो अपने वार्ड क्षेत्र में खराब बिजली के बल्ब एवं तारों को बार-बार सही करने की अपील कर चुके हैं। लेकिन बिजली कर्मचारियों द्वारा अनदेखा किया जा रहा था।
जिसको लेकर सभासद आफताब अहमद का वृहस्पतिवार को धैर्य टूट गया। जिसके बाद आदर्श नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर बिजली के कार्य करने वाले क्रेन की हवा निकाल कर विरोध किया। जिसको लेकर कर्मचारियों एवं सभासद में कहासुनी भी हुई। सभासद आफताब अहमद ने बताया कि चेयरमैन के करीबी लोगों का कार्य किया जा रहा है, जबकि हम लोगों को क्षेत्र में बदनाम करने के लिए अनदेखा किया जा रहा है। पिछले एक माह से कहने के बाद भी बिजली कार्य नहीं कराया गया। जिसको लेकर विरोध किया गया है। वहीं इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि बिजली के कार्य करने वालों से उनकी व्यक्तिगत नाराजगी होगी। इसको लेकर सभासद आफताब अहमद के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।