मझवारा क्षेत्र के दरियाबाद में बन रहे उच्चीकृत पीएचसी का निरीक्षण करतीं जिले की नोडल अधिकारी प्रीति शुक्ला।
- फोटो : mau
लोक निर्माण विभाग की विशेष सचिव तथा जनपद की नोडल अधिकारी प्रीती शुक्ला ने शनिवार को घोसी ब्लॉक क्षेत्र के दरियाबाद में निर्माणाधीन उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मार्च 2019 तक पूरा न होने पर कार्रवाई की चेेतावनी दी। जबकि अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक विद्यालय मझवारा सहित रतनपुरा ब्लॉक क्षेत्र के सम्हरूआ गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
दरियाबाद में 474.52 लाख की लागत से उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माणाधीन है। शासन की तरफ से तीन वर्ष पूर्व आवास विकास परिषद को भवन निर्माण कार्य की जिम्मेदारी दी गई, लेकिन प्रगति काफी धीमी मिलने पर नोडल अधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने रोशनदान सहित प्रयुक्त सामानों ईंट, सीमेंट आदि की गुणवत्ता जांची। मार्च 2019 तक निर्माण कार्य पूरा न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, रतनपुरा ब्लॉक क्षेत्र सम्हरूआ गांव में विकास कार्यो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय में तैनात अध्यापकों के विद्यालय देर से आने की शिकायत की। जिसपर नोडल अधिकारी ने बीएसए को जांच कर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों के अघोषित विद्युत कटौती की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को समस्या का समाधान करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा बन रहे संपर्क मार्ग की समीक्षा की। उन्होंने जितने भी संपर्क मार्गों की मरम्मतीकरण अभी तक नहीं हुआ है उसकी मरम्मत जल्द कराने का निर्देश दिया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण की समीक्षा मेें जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि 217 शौचालय का निर्माण हो चुका है। मनरेगा मजदूरों के काम करने के बाद भुगतान न होने की शिकायत पर उसका समाधान करने का अधिकारी को निर्देश दिया। सेक्रेटरी के कार्य में काफी लापरवाही मिलने पर नाराजगी जताई और उसे जल्द पूरा करने को कहा। स्वच्छ पेयजल योजना के लिए एक हैंडपंप को रिबोर कराने को कहा। विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारी को इसका निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु, उप जिलाधिकारी सदर अंकुर लाठर, मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी सतीश सिंह, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।