मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में मऊ जनपद को आजमगढ़ से जोड़ने के लिए तमसा नदी पुल बनकर तैयार है। सेतु निगम ने अपना काम कर दिया है। वहीं लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं कर पाया है। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार को पुल के पास पहुंचकर प्रदर्शन कर पुल के दोनों तरफ सड़क बनाने की मांग की
सपा शासन में वर्ष 2015 में मऊ जिले के पश्चिमी इलाके को आजमगढ़ जनपद से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण परियोजना को मंजूरी मिली। इसके तहत मड़हा गांव में तमसा नदी पर पुल बनना था। इसे पूरा करने के लिए दो साल का समय दिया गया था। भाजपा की सरकार में साल 2019 में काम शुरू हुआ। सेतु निगम ने लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2020 तक तमसा नदी पर पुल बनाकर तैयार कर दिया।
पुल को जोड़ने के लिए दोनों छोर से सड़क का निर्माण कराना था। उधर परियोजना की मंजूरी के 12 साल बाद भी लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड जमीन अधिग्रहण नहीं कर पाया है। किसानों का आरोप है कि जिनकी जमीन ली गई उन्हें अब तक मुआवजे की धनराशि नहीं मिली है। मड़हा गांव के श्रीराम, प्रिंस कुमार, अविनाश कुमार, कैलाश, सुरेश, राजकुमार ने बताया कि अगर सड़क बन जाती तो आजमगढ़ के इब्राहिमपुर, मोलीमाबाद, मिर्जापुर, मऊ जनपद के मड़हा, पट्टी, वलीदपुर, भीरा, देवलास, रामनगर मोड़, घोस, अतरारी, खैराबाद जुड़ जाते और तमसा नदी को पार करना आसान हो जाता। बताया कि आजमगढ़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर जाने के लिए उन्हें 11 किलोमीटर दूर से जाना पड़ता है। तमसा नदी के पुल पर सड़क से जोड़ देने से ये दूरी 500 मीटर हो जाएगी।
-
कोट -
इस परियोजना पर वर्ष 2019 में सेतु निगम ने पुल निर्माण का काम शुरू कर दिया था, जो वर्ष 2020 में पूरी हो गई थी। दोनों तरफ एप्रोच का निर्माण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड को कराना है।
- ज्ञानेंद्र वर्मा
- अधिशासी अभियंता, सेतु निगम आजमगढ़
-
कोट -
परियोजना काफी पुरानी है, इसके लिए जमीन अधिग्रहण किया गया है। कुछ किसानों को मुआवजा भी दिया गया है। इसपर जल्द ही काम शुरू होगा।
- चक्रेश केन
- अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड, मऊ
कोट -
बीते 25 अप्रैल को विकास कार्यों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। उसमें जिलाधिकारी और अधिशासी अभियंता के सामने इस परियोजना का मुद्दा उठाया था। जिलाधिकारी ने जल्द ही काम पूरा कराने का आश्वासन दिया है।
- राजेंद्र कुमार
- विधायक, मुहम्मदाबाद गोहना